नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) के प्रबंधक के परिसर से 21 लाख रुपये नकद और आभूषण जब्त किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रबंधक को हाल में रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई इस मामले में सीडब्ल्यूसी के अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई ने आरोपी प्रबंधक से जुड़े आवासीय परिसरों पर तलाशी ली, जिसके परिणामस्वरूप परिसरों से 21 लाख रुपये की नकदी, भारी मात्रा में आभूषण, संपत्ति के कागजात और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए।’’
उन्होंने कहा कि आरोपी प्रबंधक ने ठेकेदार से ठेके पर दिए गए काम को जारी रखने की अनुमति देने के बदले में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.