नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुख्य महाप्रबंधक और क्षेत्रीय अधिकारी दिग्विजय मिश्रा को अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे परियोजना में जीएचवी इंडिया का पक्ष लेने के लिए कंपनी के एक प्रतिनिधि से 10 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गांधीनगर से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मिश्रा के खिलाफ 109 किलोमीटर लंबी अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे परियोजना का काम कर रही कंपनी का पक्ष लेने के लिए उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि निगरानी के दौरान यह सामने आया कि मिश्रा बिल के निपटारा, कार्यों को सौंपने, कार्य समापन प्रमाण पत्र, समय सीमा बढ़ाने और परियोजना के पैकेज-एक और दो से संबंधित अन्य मामलों में कंपनी का पक्ष ले रहे थे।
रिश्वत के संभावित लेन-देन की पुष्टि होने पर, सीबीआई टीम ने कार्रवाई करते हुए मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया, जो कंपनी के एक प्रतिनिधि टी पी सिंह से कथित तौर पर रिश्वत ले रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि सिंह को भी हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने गांधीनगर, अहमदाबाद, पुणे, दिल्ली और चंडीगढ़ में 14 स्थानों पर छापेमारी की। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने तलाशी कार्रवाई के दौरान 10 लाख रुपये की रिश्वत की रकम और 22 लाख रुपये नकद बरामद किए। सीबीआई ने पिछले साल दिसंबर में एनएचएआई के अधिकारी अकील अहमद को 20 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया था।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.