नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से घोषित पहले 40 उम्मीदवारों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन जनता से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया है.
मान ने कहा कि शनिवार को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई, जिसमें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों पर विस्तार से चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि जनमत सर्वे में जिन उम्मीदवारों को लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, उन्हें टिकट दिया गया है.
उन्होंने कहा, “40 टिकटों को अंतिम रूप दिया गया है. मैं सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे एक बार फिर चुने जाएंगे.”
मान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उम्मीदवारों की पहली सूची पार्टी की मजबूत तैयारी, पारदर्शिता और अपने काम पर भरोसे का प्रतीक है.
AAP की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी से उम्मीदवार बनाया गया है. विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा से चुनाव लड़ेंगे.
मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से टिकट दिया गया है. वह फिलहाल जेल में हैं.
सूची में कई अन्य मंत्रियों को भी टिकट दिया गया है. इनमें अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, करतारपुर से बलकार सिंह, गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौड़ी, एसएएस नगर से कुलवंत सिंह और भदौड़ से लाभ सिंह उगोके शामिल हैं.
अन्य उम्मीदवारों में मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा, बटाला से अमनशेर सिंह (शैरी कलसी), अमृतसर दक्षिण से इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, खेमकरण से सरवन सिंह धुन्न, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, दसूहा से करमबीर सिंह घुम्मन और उरमर से जसवीर सिंह राजा गिल शामिल हैं.
AP आगामी विधानसभा चुनाव में पिछली जीत को दोहराने की तैयारी कर रही है. 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के पिछले चुनाव में पार्टी ने 92 सीटें जीती थीं.
कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भी 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटे हैं.
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी उम्मीदवारों को बधाई दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं.”