scorecardresearch
Saturday, 31 October, 2026
होमरिपोर्ट‘खेत बचेंगे, तभी जीवन बचेगा’, पटना में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन

‘खेत बचेंगे, तभी जीवन बचेगा’, पटना में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा- मिट्टी की उर्वरता और किसानों की समृद्धि के लिए जनभागीदारी जरूरी.

Text Size:

पटना: ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ के संकल्प के साथ खेतों और मिट्टी के संरक्षण के लिए पटना में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया. ज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम का उद्देश्य इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना है.

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन मौजूद रहे. कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की.

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने. उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की और किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए.

सिन्हा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य खेतों की उर्वरता और मिट्टी के प्राकृतिक स्वास्थ्य को बचाते हुए खेती को टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है. इसके तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है.

कृषि मंत्री ने कहा कि बीज की गुणवत्ता और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. बीज वितरण में अनियमितता, लापरवाही या गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित और उचित कीमत पर खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, ज्यादा कीमत वसूलने और वितरण में गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

सिन्हा ने बताया कि बिहार में ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत मुजफ्फरपुर से की गई थी. इसके जरिए किसानों को खेत और मिट्टी के संरक्षण, मिट्टी की सेहत सुधारने और टिकाऊ खेती के तरीकों को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आह्वान पर 22 अक्टूबर से देशभर में यह अभियान शुरू हुआ है. बिहार में इसे गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है. अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा.

share & View comments