scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशबजट सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगा: भाजपा प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल

बजट सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगा: भाजपा प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल

Text Size:

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने बुधवार को आम बजट की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का पूंजीगत व्यय पर निरंतर ध्यान केंद्रित करना चौतरफा विकास सुनिश्चित करेगा और इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक वीडियो साक्षात्कार में कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विभिन्न प्रावधान करते हुए अर्थव्यवस्था में वृद्धि और प्रगति की एक बड़ी तस्वीर पेश की गई है।

अग्रवाल ने कहा कि बजट में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पूंजीगत व्यय को 33 प्रतिशत बढ़कर 10 लाख करोड़ रुपये किया गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के एक अध्ययन का हवाला देते हुए अग्रवाल ने कहा कि पूंजीगत व्यय कई गुना प्रभाव डालता है क्योंकि एक रुपये खर्च करने से 3.5 रुपये की मांग पैदा हो सकती है, जबकि नकद में दिए गए एक रुपये के परिणामस्वरूप केवल 95 पैसे की मांग होती है।

आर्थिक मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले अग्रवाल ने कुछ विपक्षी सदस्यों की इस आलोचना को भी खारिज कर दिया कि यह ‘चुनावी’ बजट है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘रेवड़ी’ से परहेज किया है और अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लिए घोषणाएं की हैं।

उन्होंने कहा कि करों में छूट देने के अलावा बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (एएमएसएमई) क्षेत्र, मध्यम वर्ग और लोक कल्याण मजबूत करने के उपायों की घोषणा की गई है।

उन्होंने कहा कि इसमें सहकारिता, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन भी मिला है।

अग्रवाल ने कहा कि सरकार मुद्रास्फीति और राजकोषीय घाटे को नियंत्रण में रखते हुए और वृद्धि को गति देते हुए ऐसा करने में सफल रही है।

उन्होंने कहा कि कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए कारोबार के लिए 39,000 से अधिक प्रावधानों को सरल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मांग भी बढ़ रही है और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रचुर मात्रा में आ रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि पहले की सरकारें बजट से इतर कर्ज लेने में लगी रहती थीं ताकि यह राजकोषीय घाटे में परिलक्षित न हो, लेकिन मोदी सरकार ने खातों को साफ किया है और अर्थव्यवस्था को स्वस्थ एवं अधिक मजबूत बनाया है।

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र संतोष

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments