लोहरदगा, 31 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के लोहरदगा जिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 20 लाख रुपये मूल्य की ‘ब्राउन शुगर’ बरामद की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक एसयूवी में सवार कुछ लोग ‘ब्राउन शुगर’ की खरीद-फरोख्त के लिए यहां आए हैं और शुक्रवार को कुडू थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन मकान में इकट्ठा हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उस मकान पर छापा मारकर आरोपियों को पकड़ लिया तथा उनके पास से 98 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा, ‘‘हमने 98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतर-जिला मादक पदार्थ तस्करी में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान मौके से एसयूवी भी जब्त की गई है।’’
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से छह रांची के रहने वाले हैं, जबकि दो लातेहार जिले के निवासी हैं। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 32 वर्ष के बीच है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
इस मामले में कुड़ू थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा शुभम शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.