नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक आतंकी मारा गया, जबकि एक अन्य आतंकी अब भी घिरा हुआ है. यह कार्रवाई तीन दिन पहले शुरू किए गए अभियान के बाद हुई. इससे पहले हुए हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए थे. कई सूत्रों ने दिप्रिंट को इसकी पुष्टि की.
एक सूत्र ने कहा, “घेराबंदी अब भी जारी है और अभियान अभी चल रहा है.”
यह हमला मीर बाजार के पास हुआ था. यहां हमलावरों ने नवापोरा में पुल की सुरक्षा में तैनात जवानों पर एके-46 से गोलीबारी की और फिर मौके से भाग गए.
एक सूत्र ने कहा, “कुलगाम में आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुई. हमने इलाके की घेराबंदी कर दी थी और पिछले तीन दिनों से तलाशी अभियान चला रहे थे. यह सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस का संयुक्त अभियान था. शव बरामद होने के बाद और जानकारी दी जा सकती है.”
मारे गए आतंकी की पहचान उमर निसार डार (19) के रूप में हुई है. वह कुलगाम के अर्रेह गांव का रहने वाला था और ब्रेड बनाने का काम करता था. कई सूत्रों ने पुष्टि की कि वह 10 नवंबर से अपने घर से लापता था और आतंकी संगठन में शामिल हो गया था.
एक दूसरे सूत्र ने बताया कि डार, लतीफ भट का साथी था. लतीफ भट पर द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का हैंडलर होने का आरोप है. टीआरएफ, लश्कर का ही एक संगठन है. उस पर पहले हुए कई हमलों में शामिल होने का शक था.
सीआरपीएफ जवानों पर हमले के बाद एक सूत्र ने दिप्रिंट को बताया था कि भट इलाके में दो विदेशी आतंकियों के साथ घूम रहा था और शक था कि इन तीनों ने ही घात लगाकर हमला किया था.
इस हमले में कांस्टेबल राकेश दास के पैर में चोट आई थी. कांस्टेबल संतोष चडरू के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट लगी थी. वहीं, हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी थी. हमलावरों ने दोपहर करीब 2.15 बजे सीआरपीएफ जवानों पर गोलीबारी की और फिर मौके से भाग गए.
सूत्रों ने इस साल हुए दो अन्य हमलों के लिए भी भट को जिम्मेदार बताया. 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के 35 साल के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा दल का हिस्सा था. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध हमलावर एके-46 लेकर जाता दिखाई दिया था. बाद में टीआरएफ ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी.
इसके एक हफ्ते से कुछ ज्यादा समय बाद, 31 जुलाई को कुलगाम में हुए एक अन्य हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई थी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: फेक न्यूज़, डीपफेक और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर सोशल मीडिया की जवाबदेही ज़रूरी-अश्विनी वैष्णव