इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 अप्रैल (भाषा) संविधान निर्माता डॉ. बीआर आम्बेडकर की जयंती पर इंदौर के एक निजी विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल पहली नजर में शरारत प्रतीत हो रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चंदन नगर थाने के प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि आम्बेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को सुबह नौ बजे के आस-पास दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल के ई-मेल पते पर संदेश भेजकर कहा गया कि इस शैक्षणिक संस्थान के परिसर में बम लगा दिया गया है और अगले तीन घंटे के भीतर इसे उड़ा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया, ‘‘आम्बेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को अवकाश था। विद्यालय के कर्मचारियों ने धमकी भरा ई-मेल 15 अप्रैल को खोला और हमें इसकी शिकायत करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।’’
थाना प्रभारी ने बताया,‘‘पहली नजर में लगता है कि किसी व्यक्ति ने ई-मेल के जरिये विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने के बहाने शरारत की है। हालांकि, हम मामले की पूरी गंभीरता से जांच कर रहे हैं और इसमें पुलिस के साइबर दस्ते की मदद भी ली जा रही है।’
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने विद्यालय का चप्पा-चप्पा छान डाला, लेकिन उसे अब तक वहां कोई बम नहीं मिला है।
भाषा हर्ष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.