scorecardresearch
Tuesday, 30 June, 2026
होमदेशराजस्थान के फलोदी में दंपति और दो बच्चों के शव मिले, जांच में जुटी पुलिस

राजस्थान के फलोदी में दंपति और दो बच्चों के शव मिले, जांच में जुटी पुलिस

Text Size:

जयपुर, 30 जून (भाषा) राजस्थान के फलोदी जिले के देचू क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को एक मकान से दंपति और उनके दो बच्चों के शव बरामद किए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गेनाराम (35), उसकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) और बेटे किशन (10) के रूप में हुई है।

फलोदी के पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया, ‘‘गेनाराम का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव चारपाई पर पड़े थे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पति ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद स्वयं फंदा लगा लिया।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह परिवार पाली जिले का रहने वाला था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

देचू थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा, ‘‘घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।’’

भाषा बाकोलिया वैभव खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments