scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशभाजपा तेलंगाना में वंशवादी कुशासन समाप्त करने के लिए काम करेगी : मोदी

भाजपा तेलंगाना में वंशवादी कुशासन समाप्त करने के लिए काम करेगी : मोदी

Text Size:

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के भाजपा पार्षदों से मुलाकात की और विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी तेलंगाना में “वंशवादी कुशासन” को समाप्त करने और सुशासन के लिए काम करेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2019 के लोकसभा चुनावों, विधानसभा उपचुनावों और हैदराबाद नगरपालिका चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद दक्षिणी राज्य में बड़े लाभ की उम्मीद कर रही है।

नगरसेवकों के साथ तेलंगाना भाजपा प्रमुख बंदी संजय कुमार और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी भी थे। रेड्डी भी तेलंगाना से ही हैं।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “जीएचएमसी में भाजपा के पार्षदों और तेलंगाना के अन्य पार्टी नेताओं से मुलाकात की। हमने सामुदायिक सेवा प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने और जमीनी स्तर पर लोगों की मदद करने को लेकर व्यापक चर्चा की। भाजपा तेलंगाना में सुशासन के लिए और वंशवादी कुशासन को समाप्त करने के वास्ते काम करेगी।”

दक्षिणी राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी गठबंधन के आलोक में समर्थन जुटाने के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा अब तक कर्नाटक के बाहर दक्षिण भारत में ज्यादा लाभ नहीं उठा पाई है, लेकिन तेलंगाना में उसके हालिया प्रदर्शन ने पार्टी को एक और दक्षिणी राज्य में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की उम्मीद दी है।

पार्टी अगले महीने हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी कर रही है।

भाषा

प्रशांत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments