जयपुर, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की कांग्रेस सरकार के खिलाफ इसी महीने जयपुर, अजमेर और झुंझुनूं में विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी के एक नेता ने इसकी जानकारी दी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने बताया कि गहलोत सरकार के कुशासन, जंगलराज, भ्रष्टाचार, नकारापन, महिला अपराध, किसान कर्ज माफी और बेरोजगारी भत्ते के झूठे वादों सहित पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार की कुनीतियों को उजागर करेगी ।
उन्होंने बताया कि आगामी 5 जुलाई को महिला उत्पीड़न और अत्याचार के खिलाफ जयपुर में प्रदेश भर की महिलाएं विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगी। वहीं आगामी 12 जुलाई को झुंझुनूं में किसान कर्जमाफी और वादाखिलाफी को लेकर किसान समुदाय गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 18 जुलाई को अजमेर मे युवाओं के साथ बेरोजगारी भत्ते की वादाखिलाफी और पेपर लीक का जख्म देने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ युवा विरोध प्रदर्शन करेंगे ।
भाषा कुंज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.