scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशभाजपा ने महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधनों का, आम सहमति की मोदी की अपील का समर्थन किया

भाजपा ने महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधनों का, आम सहमति की मोदी की अपील का समर्थन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महिला आरक्षण अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों और आम सहमति बनाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ये प्रस्तावित संशोधन लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि महिला आरक्षण अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन केवल विधायी कवायद नहीं हैं, बल्कि पूरे भारत की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने सभी सांसदों से इस महत्वपूर्ण पहल के समर्थन में एकजुट होने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में यह भी कहा कि यह कदम उस सिद्धांत की पुष्टि है जिसने लंबे समय से भारत की इस सभ्यतागत विचारधारा का मार्गदर्शन किया है कि समाज तभी प्रगति करता है जब महिलाएं प्रगति करती हैं।

उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि 2029 के लोकसभा चुनाव और आने वाले समय में राज्यों के विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के प्रावधानों के साथ कराए जाएं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने हमेशा नारी शक्ति को शासन के केंद्र में रखा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर उज्ज्वला तक हर योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है।’’

नवीन ने कहा कि लोकतंत्र को और मजबूत बनाने के लिए विधायी संस्थाओं में नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना अत्यावश्यक है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधनों पर आम सहमति बनाने के लिए सभी दलों से साथ आने की अपील की है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महिला आरक्षण विधेयक संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगा।’’

पार्टी के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को सशक्तीकरण की दिशा में ‘‘ऐतिहासिक छलांग’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘विधायी संस्थाओं में महिलाओं के पर्याप्त प्रतिनिधित्व के बिना एक मजबूत राष्ट्र अधूरा रहता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम वास्तविक सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक छलांग है।’’

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments