scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री के पिता पर खरगे की टिप्पणी के विरोध में जम्मू में भाजपा का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री के पिता पर खरगे की टिप्पणी के विरोध में जम्मू में भाजपा का प्रदर्शन

Text Size:

जम्मू, 26 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित ‘‘अमर्यादित और आपत्तिजनक’’ टिप्पणी के विरोध में सोमवार को यहां डोगरा चौक पर प्रदर्शन किया।

खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में कथित तौर पर कहा था, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा।’’

इस बयान के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कांग्रेस पर प्रधानमंत्री तथा उनके परिवार के खिलाफ व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि खरगे ने ‘‘मर्यादा के सभी मानदंडों को तार-तार कर दिया।’’

भाजपा विधायक एवं पार्टी के युवा मोर्चे की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शगुन परिहार तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जम्मू के डोगरा चौक पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की तथा खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के पोस्टर जलाए। उन्होंने कुछ देर तक सड़क पर धरना भी दिया।

परिहार ने संवाददाताओं से कहा कि खरगे की टिप्पणी केवल प्रधानमंत्री के पिता पर हमला नहीं है, बल्कि यह दिवंगत बुजुर्गों का भी अपमान है। उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर वह प्रधानमंत्री के पिता का सम्मान नहीं करते, तो किसी आम नागरिक के पिता का सम्मान कैसे करेंगे?’’ उन्होंने कांग्रेस की निंदा की।

उन्होंने कहा कि मोदी ने खुद को राष्ट्र के प्रति समर्पित किया है और देशहित में काम किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में उनके दिवंगत पिता के बारे में इस तरह की टिप्पणी बहुत आपत्तिजनक है।

परिहार ने कांग्रेस पर न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग और प्रधानमंत्री कार्यालय सहित लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को कमतर करने का भी आरोप लगाया।

भाजयुमो की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात ने कहा कि कांग्रेस ने इस टिप्पणी से सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति कथित अनादर और अवमानना का देश की जनता कड़ा जवाब देगी।

प्रभात ने कहा कि कांग्रेस हताशा में इस तरह की टिप्पणियां कर रही है और उसे इस मुद्दे पर जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

खबरों के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर सांबा, कठुआ, पुंछ, उधमपुर, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़ और रियासी जिलों में भी विरोध प्रदर्शन किए गए।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments