scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशभाजपा विधायकों ने विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर प्रदर्शनरत छात्रों का किया समर्थन

भाजपा विधायकों ने विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर प्रदर्शनरत छात्रों का किया समर्थन

Text Size:

जम्मू, दो फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने यहां राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे जम्मू विश्वविद्यालय के छात्रों का समर्थन किया।

विधायकों ने रविवार को कहा कि वे इस मुद्दे को सड़कों पर और विधानसभा में दोनों जगह उठाएंगे।

शर्मा ने पार्टी के विधायकों – अधिवक्ता आर. एस. पठानिया, शगुन परिहार और देवयानी राणा के साथ मिलकर 25 दिनों से जारी आंदोलन को पूरा समर्थन दिया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बीच विश्वविद्यालय परिसर में धरना दिया।

शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान हम जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करेंगे। हम आपके साथ हैं। यह सिर्फ आपकी लड़ाई नहीं है बल्कि पूरे जम्मू क्षेत्र की लड़ाई है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार को इस मांग को बिना देरी किए पूरा करना चाहिए और उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें विफल रहने पर भाजपा के सभी विधायकों की भागीदारी के साथ एक व्यापक आंदोलन हो सकता है।

शर्मा ने विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए धन जुटाने में सहयोग देने की पेशकश भी की और कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो भाजपा केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त करने में मदद करेगी।

छात्रों ने यहां शुक्रवार को एक बड़ा आंदोलन किया और तवी पुल को एक घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध कर दिया।

पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किए जाने तथा कुछ छात्रों को हिरासत में लिए जाने पर युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष मनदीप सिंह चिब और अन्य लोगों ने पुलिस वाहन को रोककर इस कार्रवाई का विरोध किया।

भाषा यासिर शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments