scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशबिहार में सत्ता गंवाने के बाद भाजपा ‘‘विधवा विलाप’’ कर रही है: जद (यू)

बिहार में सत्ता गंवाने के बाद भाजपा ‘‘विधवा विलाप’’ कर रही है: जद (यू)

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष ललन सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर बिहार सरकार पर हमला राज्य में सत्ता खोने के बाद उसका ‘‘विधवा विलाप’’ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन में कानून का राज हमेशा बना रहेगा।

ललन सिंह ने बिहार के मंत्री कार्तिकेय सिंह को उनके खिलाफ एक आपराधिक मामले को लेकर निशाना बनाने के लिए भी भाजपा की निंदा की और सवाल किया कि उसने उत्तर प्रदेश के मंत्री राकेश सचान को सशस्त्र अधिनियम के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बर्खास्त क्यों नहीं किया।

ललन सिंह ने पत्रकारों से कहा कि बिहार पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि उसे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता कार्तिकेय सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने पूछा, ‘‘सचान को दोषी ठहराया गया है। क्या भाजपा ने उन्हें बर्खास्त कर दिया है?’’

बिहार में ‘‘जंगल राज’’ की वापसी संबंधी भाजपा के आरोप के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा, ‘‘यह सब उनका ‘विधवा विलाप’ है। अगर कुछ छिटपुट घटनाएं होती हैं, तो यह समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति को प्रदर्शित नहीं करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में कानून का राज है और रहेगा। सत्ता गंवाने के बाद उनका (भाजपा का) विलाप सुनने वाला कोई नहीं है।’’

जद (यू) के पूर्व अध्यक्ष आर. सी. पी. सिंह के भाजपा में शामिल होने का विकल्प खुला रखने संबंधी बयान पर ललन सिंह ने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है क्योंकि पार्टी हमेशा से जानती थी कि वह पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा के एक एजेंट के रूप में काम कर रहे थे।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments