scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशकेरल में अप्रासंगिक है भाजपा, वादे पूरे करने में रही विफल: कांग्रेस नेता मुरलीधरन

केरल में अप्रासंगिक है भाजपा, वादे पूरे करने में रही विफल: कांग्रेस नेता मुरलीधरन

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 30 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने सोमवार को कहा कि केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘अप्रासंगिक’ हो गई है और वह राज्य से किए गए अपने वादे पूरा करने में विफल रही है।

पलक्कड़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि केरल की जनता भाजपा की बातों को गंभीरता से नहीं लेती।

नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में वट्टीयोर्कावु से उम्मीदवार मुरलीधरन ने कहा, ‘‘भाजपा दावा करती है कि यहां जो नहीं बदला है, वह बदलेगा। पार्टी का एक सांसद चुना गया और उसे केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल किया गया। क्या त्रिशूर में मेट्रो रेल सेवा शुरू हुई? काफी समय से लंबित एम्स की मांग क्यों पूरी नहीं हुई?’’

उन्होंने बताया कि सांसद के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संसद में दो बार एम्स की मांग उठाई थी, जिस पर केंद्र सरकार ने जवाब दिया था कि प्रस्ताव वित्त विभाग के विचाराधीन है।

मुरलीधरन ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने वादा किया था कि अगर वह तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव जीतती है, तो प्रधानमंत्री शहर का दौरा करेंगे और एक विशेष पैकेज की घोषणा करेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने दौरा तो किया, लेकिन कोई पैकेज घोषित नहीं किया गया। इसलिए भाजपा की जीत से केरल को कोई लाभ नहीं मिला।’’

उन्होंने दावा किया कि कुछ सीट को छोड़कर केरल में चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के बीच ही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए इस चुनाव में भाजपा की कोई प्रासंगिकता नहीं है। मुझे नहीं लगता कि यहां के लोग प्रधानमंत्री के बयानों को गंभीरता से लेंगे।’’

भाषा जोहेब शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments