scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशभाजपा ने अपने 30 साल के शासनकाल में गुजरात को पूरी तरह से ‘निचोड़’ लिया है : केजरीवाल

भाजपा ने अपने 30 साल के शासनकाल में गुजरात को पूरी तरह से ‘निचोड़’ लिया है : केजरीवाल

Text Size:

सूरत, नौ मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने 30 साल के शासन में गुजरात को पूरी तरह से ‘निचोड़’ लिया है, तथा जिन्होंने भी इसपर सवाल खड़े किये उनके साथ अत्याचार किये।

केजरीवाल ने यहां पार्टी के बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य के लोगों से अपील की कि वे आप को वोट देकर बदलाव के वाहक बनें।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा अहंकार से भरी हुई है और सुशासन पर सवाल उठाने वालों पर अत्याचार करती रही है। भाजपा ने पिछले 30 वर्षों से राज्य पर शासन किया है और इस दौरान उसने गुजरात को पूरी तरह से निचोड़ लिया है। उन्होंने सब कुछ हड़प लिया।’’

आप नेता ने कहा, ‘‘अगर कोई (भाजपा शासन के खिलाफ) आवाज उठाता है, तो उसके साथ अत्याचार होता है और झूठे मामलों में जेल में डाल दिया जाता है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘पिछले साल हद्दाद गांव में हुए अत्याचारों को लेकर किसान भाजपा से नाराज हैं और चुनाव में इसका बदला लेना चाहते हैं। वे 2027 के विधानसभा चुनावों में पूरे गुजरात में भाजपा को सबक सिखाएंगे।’’

आप सुप्रीमो ने यह भी कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के उलट, आम आदमी पार्टी के नेता साधारण परिवारों से आते हैं, न कि राजनेताओं के परिवारों से।

भाषा रंजन सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments