चंडीगढ़, 13 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा सरकार ने एक पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं।
सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य के युवाओं के लिए पर्याप्त काम नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार हर व्यक्ति, विशेषकर युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने एक पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सैनी ने कहा कि सरकार राज्य में उद्योगों के विस्तार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार में युवाओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।
गुरुग्राम में जलभराव के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, लेकिन प्रशासन ने पहले से ही आवश्यक तैयारियां कर रखी थीं।
सैनी ने कहा कि अधिकारियों को जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तुरंत कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.