(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली में अपना भाषण यह आरोप लगाते हुए संक्षिप्त कर दिया कि भाजपा जानबूझकर निकटवर्ती एक क्षेत्र में जनसभा से तेज संगीत बजा रही थी।
इस बात से नाराज बनर्जी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की आवश्यक अनुमति होने के बावजूद, चक्रबेरिया में उनकी रैली को भाजपा ने बाधित कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा डरा-धमकाकर बंगाल पर कब्जा करना चाहती है’’।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए इस रैली को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। अगर वे मेरे निर्वाचन क्षेत्र में ऐसा कर सकते हैं, तो सोचिए भाजपा कितनी अलोकतांत्रिक है। अगर वे इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो मुझे कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह अपमान है। भाजपा जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। इस स्थिति में रैली को संबोधित करना संभव नहीं है। मैं मंच छोड़ रही हूं।’’
मंच छोड़ने से पहले उन्होंने कहा, ‘‘मैं कल इसी स्थान पर एक रैली आयोजित करूंगी।’’
इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के समर्थक भाजपा की रैली की ओर दौड़े, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से रोक दिया। इस रैली को बाद में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने संबोधित किया।
तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया और भाजपा पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि निर्वाचन आयोग में एक और शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी।
बनर्जी के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर, अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उनकी प्रतिक्रिया से पता चलता है कि वह अपनी होने वाली हार को लेकर घबराई हुई हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी रैली में कोई हिंसा नहीं हुई और उनका व्यवहार उनकी घबराहट को दर्शाता है। चार मई को भवानीपुर के लोग भाजपा की जीत का जश्न मनाएंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने तेज संगीत बजाकर उनकी सभा को बाधित करने की कोशिश भी की।
भाषा देवेंद्र धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.