नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मीर बाजार के पास नवपोरा में बुधवार को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक पुल की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर AK-47 से गोलीबारी की. इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए.
CRPF के एक प्रवक्ता ने कुलगाम में CRPF नाके पर गोलीबारी की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई. हमलावरों में से एक के लश्कर-ए-तैयबा (LeT) आतंकी संगठन से जुड़े विदेशी आतंकवादी होने का संदेह है. हमलावरों ने CRPF जवानों पर गोलीबारी की और फिर मौके से फरार हो गए.
कांस्टेबल राकेश दास के पैर में चोट आई है, जबकि कांस्टेबल संतोष चद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में चोट आई है.
अधिकारी ने कहा, “घायल जवानों में दो कांस्टेबल और एक हेड कांस्टेबल शामिल हैं. उन्हें अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.” तीन में से दो जवानों की हालत गंभीर है.
अधिकारी ने कहा, “हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने CRPF जवानों पर गोलीबारी की. ये जवान इलाके में एक पुल की सुरक्षा के लिए तैनात थे. तलाशी अभियान चलाने के लिए टीमें भेज दी गई हैं.”
लतीफ भट से जुड़ाव?
सुरक्षा एजेंसी के एक सूत्र के मुताबिक, हमलावरों के लतीफ भट के सहयोगी होने का संदेह है. भट पर पहले भी इसी तरह के हमलों में शामिल होने का आरोप है और वह द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का कथित सदस्य है. एक सूत्र ने दिप्रिंट को बताया, “भट इलाके में दो विदेशी आतंकवादियों के साथ घूम रहा है. ऐसा लगता है कि वे ही इस हमले के पीछे हैं, ठीक उसी तरह जैसे उन्होंने पहले दो अन्य हमलों को अंजाम दिया था.”
22 जुलाई को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP) के 35 वर्षीय एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. CCTV फुटेज में संदिग्ध हमलावर AK-47 लिए दिखाई दिया था. लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन माने जाने वाले द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने बाद में इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. इसके एक हफ्ते से कुछ ज्यादा समय बाद, 31 जुलाई को कुलगाम में एक अन्य हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों हमलों को लतीफ भट ने अंजाम दिया था.
बताया जाता है कि पेशे से बढ़ई भट नवंबर 2025 में कुलगाम स्थित अपने घर से लापता हो गया था और बाद में आतंकी संगठन में शामिल हो गया. सूत्रों ने बताया कि उसे कुलगाम और शोपियां के ऊंचाई वाले इलाकों में प्रशिक्षण दिया गया और फिर TRF में शामिल कर लिया गया. सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित घोषित आतंकवादी सज्जाद गुल ने उसे भर्ती किया था.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: अमेरिका के साथ व्यापार बढ़ाना चाहता है भारत, लेकिन विदेशी बाज़ारों पर निर्भरता घटाने की भी कोशिश