scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशबिहार : दारोगा के बेटे की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बिहार : दारोगा के बेटे की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Text Size:

गया जी, 23 अक्टूबर (भाषा) बिहार के गया जी जिले में दारोगा के बेटे की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की स्थिति खतरे से बाहर है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोतिहारी में तैनात अवर निरीक्षक (दारोगा) सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के छोटे बेटे रानू सिंह (30) की हत्या के मामले में वांछित थे।

रानू की 19 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके बड़े भाई मोनू सिंह (32) इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

यह घटना गया की सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में नौरंगा आहर के पास हुई थी। ऐसा आरोप है कि दोनों भाइयों को वहां बुलाकर उन पर गोलीबारी की गई थी।

एसपी ने बताया, ‘‘मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिछा गांव में रात करीब दो बजे संक्षिप्त मुठभेड़ हुई। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। इस मामले में दो अन्य लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।’’

उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा

कैलाश रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments