भुवनेश्वर, 11 अक्टूबर (भाषा) पुलिस ने कथित तौर पर परिवार द्वारा संचालित ट्रक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चोरी के एक मामले की जांच के दौरान मंचेश्वर पुलिस ने इस मामले में आरोपी निरंजन महापात्र के बेटों मनोज महापात्र और अशोक कुमार महापात्र को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार किराये या अनुबंध के आधार पर वाहन हासिल करता था और उन्हें दूसरी जगह बेच देता था, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान होता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक निजी संगठन के प्रतिनिधि बिस्वरंजन पात्रा ने इस साल जुलाई में अनुबंध के तहत आरोपियों को एक ट्रक दिया था।
हालांकि, आरोपियों ने बाद में किस्तों (ईएमआई) का भुगतान नहीं किया, जिससे शिकायतकर्ता पर आर्थिक बोझ पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि निरंजन का पूरा परिवार एक संगठित गिरोह चलाता है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह विभिन्न लोगों से अनुबंध के तहत वाहन हासिल करके उन्हें दूसरी जगह बेच देता था और किस्तों का भुगतान किए बिना फरार हो जाता था।
उन्होंने बताया कि गिरोह का गंजाम, कंधमाल, सुंदरगढ़, बौध और भद्रक सहित कई जिलों में नेटवर्क है। गिरफ्तारी से बचने के लिए गिरोह के सदस्य अक्सर अपना ठिकाना बदलते रहते हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को 15 दिन की रिमांड का अनुरोध करते हुए अदालत में पेश किया गया। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.