कोलकाता, एक मार्च (भाषा) लोकप्रिय बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली और उनके बेटे युवान दुबई में फंसे हुए हैं। शहर में ईरान के हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ने के कारण वे वहीं फंसे हुए हैं। रविवार को उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
उनके पति, फिल्म निर्देशक-निर्माता और तृणमूल कांग्रेस विधायक राज चक्रवर्ती ने बताया कि अभिनेत्री और उनका बेटा फिलहाल पाम जुमेराह के एक होटल में ठहरे हुए हैं, जहां अधिकारियों ने निवासियों को घर के अंदर रहने की सलाह जारी की है।
चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “वे शनिवार को छुट्टियां मनाने के लिए वहां पहुंचे थे। तब से स्थिति जटिल हो गई है। चूंकि युवान उनके साथ है, इसलिए चिंता और भी बढ़ गई है। वे पाम जुमेराह होटल में ठहरे हुए हैं। उनके होटल के पास एक विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने के निर्देश जारी किए हैं।”
हालांकि, चक्रवर्ती ने कहा कि दुबई में उनके दोस्त और रिश्तेदार उनकी मदद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “वहां हमारे दोस्त और रिश्तेदार उनकी देखभाल कर रहे हैं। हम चिंतित हैं, लेकिन घबराए हुए नहीं हैं।”
फिल्मकार इस समय अपनी बेटी यालिनी के साथ कोलकाता में हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सरकार से कोई सहायता मांगी है, तो उन्होंने कहा, ‘हमने अभी तक सरकार से कोई मदद नहीं मांगी है। हमें उम्मीद है कि वे सुरक्षित घर लौट आएंगे।’
सूत्रों के अनुसार, गांगुली के अलावा, प्रभावित क्षेत्र में फंसे अन्य भारतीयों में अभिनेत्री सोनल चौहान, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और भारतीय बास्केटबॉल टीम के सदस्य शामिल हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
