कोलकाता, छह जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास को सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में हुई गड़बड़ी से संबंधित मामले में पुलिस ने शुक्रवार तक जांचकर्ताओं के सामने पेश न होने पर फिर से तलब किया है।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता ने पहले स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए कहा था कि वह उपस्थित होने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन अब उन्हें आठ जून को जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने अरूप बिस्वास को आठ जून को हमारे अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा है। उन्हें आज नोटिस जारी कर दिया गया है।’’
दिसंबर 2005 में फुटबॉल से जुड़े एक कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में पूर्व मंत्री पर टिकटों की कालाबाजारी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए आयोजक शतद्रु दत्ता द्वारा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद उन्हें शुक्रवार तक जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर, 2025 को साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित यह कार्यक्रम उस समय अराजकता में तब्दील हो गया था जब बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर वैध अनुमति के बिना आयोजन स्थल में प्रवेश कर गए, जिससे सुरक्षा में चूक हुई और अव्यवस्था उत्पन्न हो गई।
भाषा संतोष रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.