कोलकाता, पांच अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले अपराधियों की सूची में एक कुख्यात अपराधी का नाम शामिल न करने के आरोप में निर्वाचन आयोग ने कोलकाता के कस्बा थाने के प्रभारी (ओसी) बिस्वजीत देबनाथ को निलंबित कर दिया है। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने रविवार शाम यह जानकारी दी।
निलंबन से पहले ओसी देबनाथ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें पूछा गया था कि उनके क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात अपराधी सोना पप्पू उर्फ बिस्वजीत पोद्दार का नाम अपराधियों की सूची में क्यों शामिल नहीं किया गया, जबकि उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
हाल ही में गोल पार्क इलाके में दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान बम फेंकने की घटना में भी सोना पप्पू का नाम सामने आया था। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी, एक लग्जरी वाहन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए थे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि सोना पप्पू के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने समेत कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज हैं।
निर्वाचन आयोग ने पहले ही पश्चिम बंगाल और कोलकाता पुलिस को आगामी चुनावों के मद्देनजर फरार और घोषित अपराधियों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे।
भाषा रवि कांत रवि कांत प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
