scorecardresearch
गुरूवार, 12 जून, 2025
होमदेशभाजपा को अलोकतांत्रिक दल कहने से पहले अपनी पार्टी में लोकतंत्र लायें सपा प्रमुख : दयाशंकर सिंह

भाजपा को अलोकतांत्रिक दल कहने से पहले अपनी पार्टी में लोकतंत्र लायें सपा प्रमुख : दयाशंकर सिंह

Text Size:

बलिया (उप्र), 12 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलोकतांत्रिक चरित्र वाली पार्टी बताने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यादव भाजपा पर इल्जाम लगाने से पहले अपनी पार्टी में लोकतंत्र लाने के लिये इसके संविधान में संशोधन करें।

सिंह ने भाजपा के जिला कार्यालय में केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे होने पर संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष द्वारा भाजपा को अलोकतांत्रिक चरित्र वाली पार्टी करार दिये जाने से जुड़े सवाल पर कहा, ”अखिलेश यादव पहले अपनी पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाएं। उसके बाद दूसरी पार्टी और देश-दुनिया पर टिप्पणी करें।”

उन्होंने कहा, ”अखिलेश यादव सबसे पहले अपनी पार्टी में लोकतंत्र लायें। वह अपनी पार्टी के संविधान में संशोधन करें ताकि मुलायम सिंह यादव परिवार के बाहर का भी कोई नेता सपा का मुखिया बन सके।”

सिंह ने कहा, ”सपा सिर्फ एक परिवार में सिमट कर रह गई है। नंबर एक से लेकर दो दर्जन तक के पद एक ही परिवार में हैं। उस पार्टी में किसी को आगे बढ़ना है तो वह पच्चीसवें नंबर से शुरू करेगा। चौबीस नंबर तक रिजर्व है। अखिलेश यादव पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) की बात करते हैं लेकिन पहले वह अपनी पार्टी में पीडीए लाएं।”

उन्होंने कहा, ”क्या मुलायम सिंह के परिवार के अलावा का कोई और नेता सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है? अखिलेश यादव इसे पार्टी के संविधान में लिखें कि भविष्य में उनके परिवार का बाहर का भी व्यक्ति पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। भविष्य में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद के लिए कोई नाम प्रस्तावित किया जाता है तो वह मुलायम सिंह के परिवार से बाहर का भी व्यक्ति हो सकता है।”

यादव ने बुधवार को सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी नेताओं को सम्बोधित करते हुए भाजपा पर हमला किया था।

उन्होंने कहा था, “भाजपा का चरित्र अलोकतांत्रिक है। उसका आचरण अधिनायकवादी है और भाजपा भारतीय संविधान के लिए चुनौती बन गई है। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले चुनाव में अराजकता पैदा करना चाहती है।”

परिवहन मंत्री ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के शासनकाल में भी आतंकवादी घटनाएं होती थीं। तब सरकार सिर्फ बातचीत तक ही सीमित रहती थी। पाकिस्तान का नाम लेने में उसे दिक्कत होती थी। भाजपा के शासन में अब भारत पलटवार करता है।”

भाषा सं. सलीम नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments