scorecardresearch
Friday, 9 October, 2026
होमदेशसरकारी हो या निजी एजेंसी, प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य: रेखा गुप्ता

सरकारी हो या निजी एजेंसी, प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य: रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों के पालन से किसी भी सरकारी विभाग और एजेंसी को कोई छूट नहीं दी जाएगी और उन्हें निर्माण के दौरान धूल नियंत्रण के उपाय लागू करने होंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि निर्माण कार्यों से फैलने वाली धूल पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) द्वारा दिल्ली में चल रही विभिन्न सरकारी और निजी परियोजनाओं के स्थलों पर नियमित एवं औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

बयान के मुताबिक, डीपीसीसी ने दिल्ली जल बोर्ड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), दिल्ली मेट्रो रेल निगम से जुड़ी परियोजना और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) की कुछ परियोजनाओं के स्थलों पर धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों के पालन में कमियां पाई हैं।

इसमें कहा गया है कि डीपीसीसी ने निरीक्षण के दौरान जिन परियोजना स्थलों पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया, उनके संबंधित परियोजना संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उल्लंघन की प्रकृति और गंभीरता के अनुसार निर्माण कार्य रोकने, बिजली आपूर्ति काटने व लागू प्रावधानों के तहत पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने जैसी कार्रवाई प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन हर हाल में करना होगा और सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी निर्माण परियोजनाओं में प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित उपाय प्रभावी ढंग से लागू हों।

उन्होंने कहा “कोई भी सरकारी विभाग, निर्माण एजेंसी, ठेकेदार या निजी कंपनी कानून से ऊपर नहीं है। सरकारी परियोजनाओं पर भी वही नियम लागू होंगे, जो निजी निर्माण कार्यों पर लागू होते हैं। किसी भी एजेंसी को उसके सरकारी दर्जे, परियोजना के आकार या प्रभाव के आधार पर छूट नहीं दी जा सकती।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कार्रवाई होगी, भले ही परियोजना किसी सरकारी एजेंसी की ही क्यों न हो।

गुप्ता ने कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार की रणनीति रोकथाम, नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई पर आधारित है और निर्माण स्थलों से उठने वाली धूल को नियंत्रित करना इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments