नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) अभिनेता बाबिल खान ने अपने दिवंगत पिता एवं प्रख्यात अभिनेता इरफान खान को याद करते हुए सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी तस्वीरें साझा कीं।
‘स्लमडॉग मिलियनेयर’, ‘द लंचबॉक्स’ और ‘हिंदी मीडियम’ जैसी कई फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के लिए जाने जाने वाले इरफान का 29 अप्रैल 2020 को मुंबई में 53 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह 2018 से दुर्लभ प्रकार के कैंसर ‘न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर’ से जूझ रहे थे।
बाबिल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने बचपन की तस्वीरें बृहस्पतिवार को साझा कीं, जिनमें वह अपने पिता के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने ‘कैप्शन’ में लिखा, ‘‘एक नयी शुरुआत के लिए, आपको याद करते हुए। अपनी जड़ों से मजबूती से जुड़ा हुआ।’’
अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलते हुए बाबिल ने 2022 में नेटफ्लिक्स की मनोवैज्ञानिक ड्रामा फिल्म ‘कला’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इस फिल्म में तृप्ति डिमरी अभिनेत्री थीं।
बाबिल, इरफान के साथ अपनी अनदेखी तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।
इरफान ने हिंदी सिनेमा में उल्लेखनीय काम करने के अलावा हॉलीवुड की भी कई फिल्मों में अभिनय किया था, जिनमें ‘द वॉरियर’, ‘लाइफ ऑफ पाई’ और ‘जुरासिक वर्ल्ड’ शामिल हैं।
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
