scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशआतिफ असलम के गानों के बीच प्रशंसकों को संबोधित करने में आयुष्मान और सारा को हुई परेशानी

आतिफ असलम के गानों के बीच प्रशंसकों को संबोधित करने में आयुष्मान और सारा को हुई परेशानी

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान अपनी जासूसी कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रचार के लिए अटारी-वाघा सीमा पहुंचे, लेकिन दूसरी ओर से लाउडस्पीकर पर आतिफ असलम के गाने बजने के कारण उन्हें प्रशंसकों को संबोधित करने में परेशानी हुई।

इस कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इनमें दिख रहा है कि तेज संगीत के कारण आयुष्मान और सारा को वहां मौजूद लोगों तक अपनी बात पहुंचाने में मुश्किल हो रही है।

एक वीडियो में पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम का गाना ‘ताजदार-ए-हरम’ पृष्ठभूमि में सुनाई दे रहा है।

अटारी-वाघा सीमा पहुंचने से पहले स्वर्ण मंदिर गईं सारा ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सम्मान में एक पोस्ट साझा की।

सारा ने लिखा, ‘‘कितना गर्व महसूस हो रहा है। बीएसएफ के प्रति हमारी गहरी कृतज्ञता और सम्मान है। आपका बलिदान और साहस हम सभी को प्रेरित करता है। सलाम।’’

आकाश ए कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ एक जासूसी कॉमेडी फिल्म है। फिल्म में आयुष्मान पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक एजेंट की भूमिका में हैं, जो भारत पहुंचने के बाद अपनी याददाश्त खो देता है और खुद को भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ का एजेंट समझने लगता है।

फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैय्यर, गुलशन ग्रोवर, दिवंगत मुकुल देव, रघुबीर यादव और बृजेंद्र काला सहित अन्य कलाकार भी हैं।

धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनी यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments