scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेश‘असम पुलिस पाताल से भी ढूंढ लाएगी’: पासपोर्ट विवाद पर पवन खेड़ा को सीएम सरमा की चेतावनी

‘असम पुलिस पाताल से भी ढूंढ लाएगी’: पासपोर्ट विवाद पर पवन खेड़ा को सीएम सरमा की चेतावनी

असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव प्रचार आज शाम खत्म हो जाएगा और मतगणना 4 मई को होगी.

Text Size:

जोरहाट (असम): असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पासपोर्ट विवाद को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि “असम पुलिस लोगों को पाताल से भी ढूंढ कर ला सकती है.”

मीडिया से बात करते हुए सीएम सरमा ने कहा कि आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को विदेश मंत्री से जानकारी लेनी चाहिए थी. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि संबंधित दस्तावेज लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक पहुंचे होंगे.

उन्होंने कहा, “आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था. खड़गे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वह पागलों जैसी बात करते हैं. असम पुलिस पाताल से भी लोगों को ढूंढ कर ला सकती है. मुझे शक है कि राहुल गांधी ने ही उन्हें ये दस्तावेज दिए हैं. इसलिए यह मामला राहुल गांधी तक जाएगा. हमें डराने की कोशिश न करें. यह असम है और हमने 17 बार इस्लामी आक्रमण का सामना किया है.”

इस बीच, पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर तलाशी पूरी होने के बाद असम पुलिस के डीसीपी देबजीत नाथ ने कहा, “हमने उनके घर की तलाशी ली है. इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी जा सकती.”

दो दिन पहले पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा के पास भारत, यूएई और मिस्र के पासपोर्ट हैं और दुबई में लग्जरी संपत्तियां तथा अमेरिका के वायोमिंग में एक कंपनी है. सरमा परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दस्तावेजों को एआई से तैयार फर्जी और छेड़छाड़ की गई तस्वीरें बताया, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूहों से ली गई थीं.

इससे पहले सीएम सरमा ने आरोप लगाया कि असम पुलिस द्वारा दिल्ली स्थित आवास पर तलाशी के बाद पवन खेड़ा नई दिल्ली से हैदराबाद चले गए. उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में मीडिया से जानकारी मिली है और कानून अपना काम करेगा.

सीएम सरमा ने सोमवार को गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पवन खेड़ा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात दोहराई थी. उन्होंने कहा, “कुछ दिन इंतजार कीजिए, हम कार्रवाई करेंगे. चुनाव में हम कम से कम 100 सीट जीतेंगे.”

सीएम सरमा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि दुबई में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज स्क्रिब्ड प्लेटफॉर्म से चोरी किए गए थे. उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस खत्म हो चुकी है और पासपोर्ट विवाद में पाकिस्तानी लिंक की भी जांच होनी चाहिए.

उन्होंने कांग्रेस नेताओं गौरव गोगोई और पवन खेड़ा पर विदेशी कनेक्शन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, “आपने पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप की मदद क्यों ली? जो भी आरोप लगाए गए हैं, हम अदालत जाएंगे, लेकिन मेरा सवाल है कि पाकिस्तान गौरव गोगोई की मदद क्यों कर रहा है.”

असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव प्रचार आज शाम खत्म हो जाएगा और मतगणना 4 मई को होगी.

share & View comments