(तस्वीरों के साथ)
गुवाहाटी, 13 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि चाय बागान के श्रमिकों को भूमि अधिकार देकर भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार इस समुदाय के साथ ‘ऐतिहासिक अन्याय’ को समाप्त कर रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने अपने कार्यकाल में चाय बागान श्रमिकों की कभी सुध नहीं ली।
प्रधानमंत्री ने यहां एक सरकारी कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमने उन्हें जमीन के पट्टे दिए हैं। चाय बागान श्रमिकों के साथ ऐतिहासिक अन्याय को समाप्त करने के लिए मैं असम सरकार को बधाई देता हूं।’’
इस कार्यक्रम में उन्होंने 19,680 करोड़ रुपये की अवसंरचना एवं ऊर्जा क्षेत्र की कई परियोजनाओं को राष्ट्र को सौंपा एवं कई का शिलान्यास किया।
उन्होंने इसी कार्यक्रम में देशभर के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों के लिए पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी की।
मोदी ने चाय बागान परिसर के भीतर बने आवासीय या ‘लेबर लाइन’ में रहने वाले चाय बागान श्रमिकों को भूमि अधिकार देने की प्रक्रिया शुरू की, जिसके तहत पहले चरण में 28,241 परिवारों को भूमि अधिकार प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री ने समारोह में तीन परिवारों को पट्टे सौंपे।
उन्होंने कहा, ‘‘दरअसल, मैं सभी चाय बागान श्रमिकों को भूमि पट्टे देकर अपना ऋण चुका रहा हूं। मैं इस मुकाम तक चाय बेचकर ही पहुंचा हूं, जो आपके द्वारा उगायी गयी और भेजी गई थी। मुझे आपका आशीर्वाद प्राप्त है।’’
उनके इस कथन पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजायीं।
उन्होंने कहा कि चाय बागान श्रमिकों ने असम और भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है, लेकिन पिछली कांग्रेस सरकार ने कभी उनकी खोज-खबर नहीं ली।
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम सभी पूर्वोत्तर राज्यों के लिए एक आदर्श बन रहा है और पिछले 10 वर्षों में इसका विकास पश्चिम बंगाल पर अपनी छाप छोड़ रहा है, क्योंकि वहां के लोग ‘इस बार भाजपा सरकार’ चाहते हैं।
असम और पश्चिम बंगाल में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
मोदी ने किसानों के वास्ते भाजपा नीत राजग द्वारा उठाये गये कल्याणकारी कदमों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमने अपने किसानों को कोविड-19 और युद्ध जैसी वैश्विक घटनाओं से सुरक्षित रखा है। हमने किसान भाइयों को राहत देने के लिए उर्वरक सब्सिडी के रूप में 12 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि पीएम-किसान योजना के बारे विकसित देश भी पूछ रहे हैं और उन्हें आश्चर्य है कि भारत एक बटन दबाकर करोड़ों किसानों के बैंक खातों में पैसा कैसे अंतरित कर पाता है।
मोदी ने कहा कि किसानों का कल्याण उनकी सरकार के लिए सर्वोपरि है और सभी प्रकार से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाओं और उपायों के माध्यम से उनके चारों ओर एक सुरक्षा घेरा विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने 2014 से पहले के 10 वर्षों में न्यूनतम समर्थन मूल्य के रूप में 6.5 लाख करोड़ रुपये दिए, जबकि हमने पिछले एक दशक में 20 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।’’
प्रधानमंत्री ने बिना स्पष्ट किये कहा कि कांग्रेस ‘पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की स्थिति के बीच भी’ गलत सूचना फैला रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा, लेकिन राजग सरकार ने धीरे-धीरे इसे बदल दिया तथा कृषि से ऊर्जा तक सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान दिया।
मोदी ने कहा, ‘‘राजग सरकार सहानुभूति और सुशासन के लिए जानी जाती है। हम समाज के सभी वर्गों के विकास में विश्वास रखते हैं।”
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
