scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशअसम विधानसभा चुनाव : पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 39 प्रतिशत मतदान

असम विधानसभा चुनाव : पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 39 प्रतिशत मतदान

Text Size:

(फोटो के साथ)

गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के शुरुआती चार घंटे में 38.92 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।

अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और पूर्वाह्न 11 बजे तक राज्य के 2.5 करोड़ मतदाताओं में से 38.92 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों ने बताया कि पहले चार घंटों में ग्वालपाड़ा जिले के दुधनोई में सबसे अधिक 44.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कामरूप (मेट्रो) के दिसपुर में सबसे कम 30.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।

राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। मतगणना चार मई होगी।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments