scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअरुणाचल सरकार यूपीएससी आकांक्षियों को मुफ्त कोचिंग और प्रोत्साहन प्रदान कर रही : शिक्षा मंत्री

अरुणाचल सरकार यूपीएससी आकांक्षियों को मुफ्त कोचिंग और प्रोत्साहन प्रदान कर रही : शिक्षा मंत्री

Text Size:

ईटानगर, छह मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री पासांग दोरजी सोना ने शुक्रवार को विधानसभा को सूचित किया कि राज्य सरकार नयी दिल्ली स्थित एक संस्थान के माध्यम से जनजातीय समुदायों के यूपीएससी आकांक्षियों को मुफ्त कोचिंग प्रदान कर रही है।

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक वांगलिन लोवांगडोंग के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार सिविल सेवा परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों को एकमुश्त वित्तीय प्रोत्साहन भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को दो लाख रुपये और मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने वालों को तीन लाख रुपये की राशि दी जाती है।

सोना ने कहा कि सरकार संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली एनडीए, सीडीएस, भारतीय वन सेवा और भारतीय इंजीनियरिंग सेवा जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों को दो लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम, एम्स और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों जैसे प्रमुख संस्थानों में प्रवेश पाने वाले जनजातीय छात्रों को दो लाख रुपये की एकमुश्त सहायता भी प्रदान की जाती है।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के सभी कॉलेजों में करियर परामर्श सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं और ‘ब्रिटिश काउंसिल ऑफ इंडिया’ के सहयोग से आदिवासी छात्रों के लिए भाषा संवर्धन पाठ्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments