जम्मू, 18 अप्रैल (भाषा) थल सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने मंगलवार को तिरंगा माउंटेन रेस्क्यू (टीएमआर) टीम के साथ मुलाकात की और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सैनिकों का बचाव करने के लिए उनकी सराहना की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कर्नल सतीश शर्मा के नेतृत्व में 21 सदस्यों की टीम ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता से मुलाकात की।
जम्मू में रक्षा विभाग के एक जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने कहा कि तिरंगा माउंटेन रेस्क्यू (टीएमआर) को नवंबर 2022 से अप्रैल 2023 के बीच सर्दियों के मौसम के दौरान विशेष हिमस्खलन और पर्वतीय बचाव कवर प्रदान करने के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया था।
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य को लेकर टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीएमआर उच्च जोखिम वाले और खतरनाक क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के लिए शक्ति का स्रोत था।
भाषा अविनाश माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.