सूरत, 27 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा को सशस्त्र लुटेरों के एक गिरोह ने दिनदहाड़े निशाना बनाया और कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक के दम पर धमकाकर 50 लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आलोक कुमार ने बताया कि पांच लोगों के गिरोह ने कथित तौर पर बैंक के ‘अलार्म सिस्टम’ को निष्क्रिय कर दिया और कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों से मोबाइल फोन छीन लिए ताकि वे अधिकारियों को सूचित न कर सकें।
उन्होंने बताया कि यह लूट शहर के वराछा इलाके में स्थित एसबीआई की शाखा में हुई।
अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, “प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि लगभग 50 लाख रुपये नकद लूटे गए। हम फिलहाल सटीक राशि की पुष्टि कर रहे हैं।”
कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पांच आरोपियों की मौजूदगी का पता चला है, लेकिन इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
भाषा
राखी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.