नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने यौन उत्पीड़न के एक मामले में उन्हें बरी करने के मजिस्ट्रेट के फैसले के खिलाफ चार महिला पहलवानों की ओर से दायर अपील पर शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत में अपना जवाब दाखिल किया।
इससे पहले, विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने बृजभूषण सिंह को नोटिस जारी किया था। न्यायाधीश ने 28 अक्टूबर को सिंह के वकील को जवाब दाखिल करने का अंतिम अवसर दिया था।
बृजभूषण सिंह शुक्रवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।
अदालत ने जवाब दाखिल किए जाने पर संज्ञान लेते हुए पहलवानों की ओर से दलीलें सुनने के लिए मामले की सुनवाई 27 और 28 नवंबर को तय की।
अदालत ने सिंह की दलीलें सुनने के लिए पांच और नौ दिसंबर की तारीख तय की।
अदालत ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यह कार्यवाही बंद कमरे में होगी।
पहलवानों ने 25 सितंबर को आपराधिक अपील दायर कर बृजभूषण को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती दी थी।
इस साल तीन अगस्त को मजिस्ट्रेट अदालत ने विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट सहित छह महिला पहलवानों की ओर से दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह को बरी कर दिया था।
पहलवानों की अपील के अनुसार, सिंह को बरी करने का फैसला कानून के मुताबिक नहीं था। यह रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों के ‘‘स्पष्ट रूप से गलत और चयनात्मक मूल्यांकन’’ पर आधारित था। इसमें अटकलों और अनुमानों का सहारा लिया गया था तथा ‘‘कानून के बाध्यकारी और सुस्थापित सिद्धांतों को लागू नहीं किया गया था।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.