scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशकॉजपा के समर्थन में प्रदर्शन करने पहुंचीं अंजलि दमानिया को हिरासत में लिया गया

कॉजपा के समर्थन में प्रदर्शन करने पहुंचीं अंजलि दमानिया को हिरासत में लिया गया

Text Size:

मुंबई, 11 अक्टूबर (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया उन दर्जनों लोगों में शामिल हैं, जिन्हें कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मध्य मुंबई के दादर इलाके स्थित शिवाजी पार्क पहुंचने पर रविवार को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दमानिया को शिवाजी पार्क के पास रोका गया और एक वाहन में ले जाया गया।

दमानिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कॉजपा के समर्थन में शिवाजी पार्क पहुंचते ही सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने मुझे हिरासत में ले लिया। सभी पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और मुझे नहीं पता कि वे मुझे कहां ले जा रहे हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाकों से हिरासत में लिए गए अधिकतर लोगों को शिवाजी पार्क थाने ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को आसपास के अन्य थानों में ले जाया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के लिए एकत्र होने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिना अनुमति प्रदर्शन रोकने के प्रयासों के बीच प्राधिकारियों द्वारा इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए हैं।

पुलिस ने शनिवार को भी मुंबई में विभिन्न स्थानों से करीब 600 लोगों को कॉजपा के समर्थन में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिया था।

महानगर में अगस्त क्रांति मैदान, हुतात्मा चौक और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन किए गए थे।

कॉजपा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments