scorecardresearch
Monday, 15 September, 2025
होमदेशभारत को विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाना चाहिए: नायडू

भारत को विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाना चाहिए: नायडू

Text Size:

अमरावती, 15 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि भारत को विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाना चाहिए।

सचिवालय में जिलाधिकारियों से संबंधित सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की।

नायडू ने कहा, ‘‘हमें भारत को नंबर एक बनाने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध अब असमान शक्ति संतुलन से आगे बढ़कर बराबरी के स्तर पर पहुंच गए हैं और यह आपसी लेन-देन एवं सहयोग पर आधारित हैं।

नायडू के अनुसार, 1991 से पहले भारत में कोई सुधार नहीं हुए थे और उस समय भारत को वैश्विक स्तर पर ‘हिंदू विकास दर’ वाला देश कहकर उपहास का पात्र बनाया जाता था।

उन्होंने भारत के विकसित भारत-2047 दृष्टिकोण और आंध्र प्रदेश के स्वर्ण आंध्र-2047 (स्वर्णिम आंध्र) दृष्टिकोण का जिक्र किया और कहा कि यह प्रत्येक जिलाधिकारी के लिए बहुत महत्वपूर्ण बन जाना चाहिए।

केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की मौजूदगी का ज़िक्र करते हुए तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख ने इसे ‘‘डबल इंजन सरकार’’ बताया। उन्होंने दावा किया कि यह दोहरे अंकों की विकास दर की ओर ले जा रही है।

भाषा

प्रीति दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments