scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशअमित शाह स्पष्ट करें, क्या शेख हसीना को बांग्लादेशी घुसपैठिया कहना चाहिए : अभिषेक बनर्जी

अमित शाह स्पष्ट करें, क्या शेख हसीना को बांग्लादेशी घुसपैठिया कहना चाहिए : अभिषेक बनर्जी

Text Size:

कोलकाता, 10 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चुनावी भाषणों में बार-बार घुसपैठ का मुद्दा उठाने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और उनसे यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को घुसपैठिया कहा जाना चाहिए।

अभिषेक ने पहलगाम और नयी दिल्ली में पिछले साल हुए आतंकवादी हमलों को नहीं रोक पाने की पृष्ठभूमि में गृह मंत्रालय की भूमिका पर सवाल भी उठाया।

कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में अभिषेक ने शाह से यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या शेख हसीना को घुसपैठिया कहा जाना चाहिए, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने शरण दी है।

घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें दूर-दराज के कोनों तक से ढूंढ निकालने के शाह के संकल्प का जिक्र करते हुए अभिषेक ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री “बार-बार एक ही बात दोहरा रहे हैं” और इस मुद्दे पर गलत जानकारी फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अगर हम घुसपैठ की बात करें, तो बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की क्या स्थिति है, जो पिछले डेढ़ साल से भारत में रह रही हैं? क्या वह बांग्लादेशी घुसपैठिया हैं?”

अभिषेक ने कहा, “अमित शाह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को रोकने में कैसे नाकाम रहे, जिसमें 26 भारतीय मारे गए? आतंकवादी दिल्ली में कैसे घुस आए और 10 लोगों को मार डाला? शाह इन लोगों को सुरक्षा देने में क्यों विफल रहे?”

कथित ‘कट मनी’ संस्कृति पर श्वेत पत्र लाने के शाह के वादे पर अभिषेक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पर उंगली उठाने वालों को याद रखना चाहिए कि उन्होंने अभी तक मनरेगा जैसी केंद्रीय परियोजनाओं के तहत बंगाल को भेजी गई धनराशि पर श्वेत पत्र प्रकाशित नहीं किया है।

तृणमूल नेता ने कहा कि उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये केंद्र से 14 मार्च 2024 को राज्य को जारी की गई धनराशि पर एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की थी, लेकिन उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

भाषा पारुल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments