हैदराबाद, छह नवंबर (भाषा) अमेरिका के 41-वर्षीय एक नागरिक का शव यहां एक होटल के कमरे में मिला। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, कैलिफोर्निया के रहने वाले व्यक्ति का शव गच्चीबौली पुलिस थाने के क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में मिला।
पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, वह दो नवंबर को अपने कारोबारी साझेदार के साथ व्यावसायिक काम से हैदराबाद आया था और होटल में ठहरा हुआ था।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि चार नवंबर की शाम से उसने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पांच नवंबर की शाम होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला और उसे बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके तुरंत बाद ‘108 एंबुलेंस सेवा’ को सूचना दी गई, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से जुड़ी अन्य जानकारियों के आधार पर चल सकेगा।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.