ठाणे, 19 सितंबर (भाषा) ठाणे जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर यातायात जाम में फंसने के कारण 16 माह के एक बच्चे की मौत हो गई। वह घर की बालकनी से गिर जाने पर घायल हो गया था। परिवार के करीबी लोगों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पिछले कई दिनों से, ठाणे जिले से गुजरने वाले मुंबई-अहमदाबाद और मुंबई-नासिक राजमार्गों पर यातायात की गंभीर समस्या देखी जा रही है, जहां कथित तौर पर छह घंटे तक जाम लग जाता है।
रियान शेख बृहस्पतिवार को पालघर जिले के पेल्हार में अपनी दादी के घर पर था, जब खेलते समय वह बालकनी से गिर गया। उसके माता-पिता मुंबई के कुर्ला में रहते हैं।
परिवार के एक पड़ोसी ने मीडिया को बताया, ‘‘वह चौथी मंजिल से नीचे जमीन पर गिर गया और उसके पेट में गंभीर चोटें आईं।’’
उन्होंने बताया कि बच्चे को पहले मोटरसाइकिल पर पालघर जिले के नायगांव स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत अस्थायी रूप से स्थिर कर दी और बेहतर उपचार के लिए मुंबई के एक विशेष अस्पताल में रेफर कर दिया।
परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि उसे मुंबई के एक अस्पताल ले जाने के लिए एक एंबुलेंस का इंतजाम किया गया। हालांकि, बच्चे को ले जा रही एंबुलेंस, ठाणे की ओर जाने वाले एक हिस्से में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे बंद होने के कारण लगे भीषण यातायात जाम में फंस गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बच्चे को ठाणे और वसई शहर के बीच सासून नवघर स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल ने पुष्टि की है कि बच्चे की मौत भर्ती किये जाने से पहले ही हो गई थी।
बच्चे की मौत से स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने इस त्रासदी के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.