scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशआंबेडकर ने भारत की अखंडता के लिए अनुच्छेद-370 का कड़ा विरोध किया था : अमित शाह

आंबेडकर ने भारत की अखंडता के लिए अनुच्छेद-370 का कड़ा विरोध किया था : अमित शाह

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर ने भारत की अखंडता के लिए संविधान के अनुच्छेद-370 का कड़ा विरोध किया था।

शाह ने 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के मौके पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बाबासाहेब ने भारत को हर वर्ग को समान अधिकार और अवसर प्रदान करने वाला संविधान देकर देश में लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने लिखा, “बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर ने देश की अखंडता के लिए अनुच्छेद 370 का कड़ा विरोध किया। समाज को शिक्षित बनने और संगठित रहने का मंत्र देने वाले बाबासाहेब का जीवन सिखाता है कि जब संकल्प देशसेवा और लोगों के कल्याण का हो, तब हर बाधा छोटी हो जाती है।”

शाह ने लोगों को खालसा पंथ के स्थापना दिवस और बैसाखी की भी शुभकामनाएं दीं।

गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “खालसा पंथ के स्थापना दिवस और बैसाखी पर्व के मौके पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”

उन्होंने लिखा, “यह पावन दिन हमें श्री गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा स्थापित खालसा पंथ की याद दिलाता है, जो हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर निडर होकर चलने का साहस देता है।”

शाह ने कहा कि बैसाखी भारत के मेहनती किसानों की खुशी का भी उत्सव है, जिनकी लगन पूरे देश में समृद्धि लाती है।

उन्होंने कहा, “इस पावन और शुभ अवसर पर मैं खालसा पंथ को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और हमारे अन्नदाताओं के अथक प्रयासों को नमन करता हूं।”

शाह ने तमिलनाडु के लोगों को तमिल पुथंडु की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नये साल के स्वागत के उपलक्ष्य में आयोजित उत्सव हमारी संस्कृति के साथ हमारे बंधन को गहरा करें, सामाजिक एकता को मजबूत करें और सभी को खुशहाली, समृद्धि एवं आनंद प्रदान करें।”

गृह मंत्री ने ओडिशा के लोगों को भी महाविशुबा संक्रांति के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, “प्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद से सभी को सुख और अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति हो।”

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments