सिलचर, 15 जून (भाषा) एआईयूडीएफ नेता अताउर रहमान मजारभुइया ने पैगंबर मोहम्मद पर की गई कथित विवादित टिप्पणियों को लेकर भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कछार जिले के कटिगोरा से सर्व भारतीय संयुक्त गणतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) के पूर्व विधायक मजारभुइया ने मंगलवार को दर्ज कराई अपनी शिकायत में शर्मा के खिलाफ कार्रवाई करने और देश में शांति बहाल करने की मांग की है। शर्मा की कथित विवादित टिप्पणियों को लेकर देश के कुछ हिस्सों में हिंसक विरोध-प्रदर्शन हुए हैं।
मजारभुइया ने शर्मा को तत्काल गिरफ्तार करने और मामले की विस्तृत जांच करने की भी मांग की है।
उन्होंने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में रह रहे इस्लामी समुदाय का अपमान है।”
एआईयूडीएफ नेता ने कहा कि उन्होंने नॉर्थ ईस्ट इंडिया इमारत-ए-शरिया और नद्वातुत तमीर की तरफ से शिकायत दर्ज कराई है, जिनके वह क्रमश: अध्यक्ष और प्रवक्ता हैं।
सिलचर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
वहीं, कछार, करीमगंज और हैलाकांडी के अधिकारियों ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी को लेकर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए तीनों जिलों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।
इससे पहले, कांग्रेस की राज्य इकाई ने पिछले शुक्रवार को गुवाहाटी के भंगगढ़ पुलिस थाने में इस मुद्दे पर शिकायत दर्ज कराई थी।
भाषा पारुल उमा
उमा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.