नयी दिल्ली, नौ नवंबर (भाषा) दिल्ली में दिवाली के अगले दिन सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 382 से घटकर 371 पर आ गया। वहीं, त्योहार के दिन शहर के 26 निगरानी केंद्रों में से 19 पर शोर का स्तर पिछले साल की तुलना में अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की एक रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई।
रिपोर्ट के अनुसार, मौसम संबंधी कारकों और हवा की तेज गति के कारण दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में अन्य वर्षों की तुलना में 2.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, रिपोर्ट में की गई चार वर्षों की तुलना के अनुसार, दिवाली के दिन और उसके अगले दिन सुबह दर्ज किए गए एक्यूआई के स्तर संबंधित वर्षों की तुलना में सबसे अधिक रहे।
रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के दिन शोर का स्तर नजफगढ़ में 57.5 डेसीबल (ए) से लेकर करोल बाग में 89.1 डेसीबल (ए) तक दर्ज किया गया। इस दौरान 19 स्थानों पर 2025 की तुलना में शोर का स्तर बढ़ा, जबकि सात स्थानों पर इसमें गिरावट दर्ज की गई।
पिछले साल के 89.2 डेसीबल (ए) के मुकाबले मामूली गिरावट के बावजूद करोल बाग निगरानी वाले स्थानों में सबसे अधिक शोर वाला इलाका बना रहा।
भाषा तान्या रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.