कोलकाता, एक फरवरी (भाषा) एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने रविवार को भारतीय वायु सेना की पूर्वी वायु कमान (ईएसी) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) के रूप में प्रभार संभाला। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र वालिया मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई विमानों में उड़ान का अनुभव रखते हैं।
वायुसेना के एक अधिकारी के अनुसार जून 1988 में वायु सेना की लड़ाकू विमान इकाई में शामिल हुए वालिया को 3,200 घंटों से अधिक दुर्घटना मुक्त उड़ान का अनुभव है।
वह जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय दूतावास में रक्षा अताशे के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
वह एयर मार्शल सूरत सिंह की जगह लेंगे जो 39 साल की सेवा के बाद 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए।
अधिकारी ने कहा कि ईएसी में एओसी-इन-सी के रूप में पदग्रहण करने से पहले वालिया ईएसी मुख्यालय में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी के रूप में पदस्थ थे।
उनके स्थान पर एयर मार्शल देवेंद्र पी हीरानी ने ईएसी में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी के रूप में प्रभार संभाला।
अधिकारी ने बताया कि दिसंबर 1990 में वायु सेना में भर्ती हुए हीरानी विभिन्न प्रकार के हेलीकॉप्टर और प्रशिक्षण विमानों में लगभग 5,000 घंटे उड़ान अनुभव के साथ कुशल उड़ान प्रशिक्षक हैं।
भाषा वैभव नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
