नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यहां दिल्ली वक्फ बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपकर उनसे रेस कोर्स रोड स्थित मस्जिद एवं उससे सटे कब्रिस्तान के मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड से अपील की कि वह धार्मिक स्थल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए और तब तक किसी भी तरह की ध्वस्तीकरण कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम सुरक्षा प्राप्त करे, जब तक कि सक्षम प्राधिकारी की ओर से संबंधित रिकॉर्ड और कानूनी दावों की जांच न कर ली जाए।
बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में एआईएमआईएम की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष शोएब जमाई ने आठ सितंबर 1977 की दिल्ली गजट अधिसूचना का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इस अधिसूचना में उस जगह पर एक मस्जिद और कब्रिस्तान का जिक्र है, जो लगभग दो बीघा में फैली हुई है।
ज्ञापन में बोर्ड से आग्रह किया गया कि वह कथित विध्वंस की कार्यवाही की जांच करे और उसे चुनौती दे।
एआईएमआईएम सदस्यों ने वक्फ बोर्ड कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि इस मामले पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का रवैया नकारात्मक है।
भाषा
राजकुमार पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.