scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशहैदराबाद में पुलिसकर्मियों को गाली देने के आरोप में एआईएमआईएम का पार्षद गिरफ्तार

हैदराबाद में पुलिसकर्मियों को गाली देने के आरोप में एआईएमआईएम का पार्षद गिरफ्तार

Text Size:

हैदराबाद, छह अप्रैल (भाषा) तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने और उन्हें धमकाने के आरोप में एआईएमआईएम के एक स्थानीय पार्षद को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पार्षद मोहम्मद गौसुद्दीन ने मंगलवार की तड़के भोलाकपुर इलाके में दुकानों को बंद करने के लिए कहने वाले दो पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। इलाके में दुकानें देर रात दो बजे तक खुली हुईं थीं।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के टी रामाराव ने बुधवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एम महेंद्र रेड्डी से आरोपी पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

राव ने ट्वीट कर कहा, ‘‘तेलंगाना के डीजीपी गारू से उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं, जिन्होंने पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी करने से रोका। तेलंगाना में राजनीतिक संबद्धता के बावजूद इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।’’

मुशीराबाद पुलिस थाने के एक अधिकारी के मुताबिक इसके बाद एआईएमआईएम के पार्षद पर भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा रवि कांत उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments