चंपावत 14 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के चंपावत जिले में भारत-नेपाल सीमा पर उपतहसील गुमदेश में सात साल बाद कामकाज शुक्रवार को शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने डिजिटल तरीके से इसका उद्घाटन किया।
लोहाघाट के एसडीएम रिंकू बिष्ट ने बताया कि वर्तमान में किमतोली के ग्रोथ सेंटर में इसका संचालन हो रहा है तथा वहां दो पीआरडी जवान, एक कनिष्ठ सहायक और एक कंप्यूटर ऑपरेटर वहां तैनात कर दिए हैं। पहले दिन प्रमाणपत्र के लिए कोई आवेदन नहीं आया। सप्ताह में दो दिन लोहाघाट के तहसीलदार विजय गोस्वामी और शेष चार दिन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह डसीला उपतहसील का संचालन करेंगे।
बिष्ट ने बताया कि गुमदेश उपतहसील में खाता-खतौनी नकल, आय, जाति, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, भूमि संबंधी सभी कार्य किए जाएंगे। इस उपतहसील के अंतर्गत क्षेत्र के 97 राजस्व गांव शामिल है
सात साल पहले स्वीकृत उपतहसील में कामकाज शुरु होने से क्षेत्र के लोग गदगद हैं। उपतहसील की मांग के लिए संघर्ष करने वाली गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने इसके लिए मुख्यमंत्री, विधायक और जिलाधिकारी का आभार जताया है। समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी का कहना है कि उपतहसील बनने से गुमदेश की 41 ग्राम पंचायतों की 35 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.