scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और सूर्या ने फिल्म 'जन नायकन' के लीक होने की कड़ी आलोचना की

अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और सूर्या ने फिल्म ‘जन नायकन’ के लीक होने की कड़ी आलोचना की

Text Size:

चेन्नई, 11 अप्रैल (भाषा) अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और सूर्या ने बहुप्रतीक्षित राजनीतिक फिल्म ‘जन नायकन’ के ऑनलाइन लीक होने की कड़ी निंदा की है तथा तीनों ने इसकी जवाबदेही तय करने और पायरेसी विरोधी सख्त कदम उठाने की मांग की है।

फिल्म पायरेसी किसी फिल्म को बिना अनुमति लीक या अवैध रूप से प्रसारित करने की गैरकानूनी प्रक्रिया है।

इस फिल्म में तमिल सिनेमा के अभिनेता विजय मुख्य भूमिका में हैं।

एच. विनोद द्वारा निर्देशित इस फिल्म को विजय के राजनीति में कदम रखने से पहले उनकी आखिरी फिल्म के तौर पर प्रचारित किया जा रहा था। यह फिल्म शुक्रवार को कथित तौर पर लीक हो गई है।

रजनीकांत ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर फिल्म के लीक होने संबंधी एक पोस्ट की।

उन्होंने लिखा, ‘‘किसी के द्वारा जन नायकन फिल्म को इंटरनेट पर रिलीज करना आश्चर्य और दुख का कारण है।’’

उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि फिल्म संगठनों को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और सरकार को दोषियों की पहचान करके उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए।

अभिनेता ने कहा, ‘भविष्य में ऐसे अपराधों को जारी रखने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’

वहीं, अभिनेता एवं नेता कमल हासन ने घटना की तीखी आलोचना करते हुए फिल्म के लीक होने के लिए इसकी प्रमाणन प्रक्रिया में हुई अत्यधिक देरी को जिम्मेदार ठहराया।

फिल्म पिछले कई महीनों से केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के साथ कानूनी विवाद में फंसी हुई है।

हासन ने कहा, ‘‘जन नायकन’ का लीक होना कोई दुर्घटना नहीं है, यह प्रणालीगत विफलता का परिणाम है।’

उन्होंने तर्क दिया कि यदि उचित प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो हम इस स्थिति में नहीं होते। हासन ने कहा कि प्रमाणीकरण में अत्यधिक देरी से पायरेसी को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने भी जवाबदेही, त्वरित प्रमाणन, सख्त प्रवर्तन और वास्तविक समय में कार्रवाई की मांग की।

इस घटना की निंदा करते हुए अभिनेता सूर्या ने इसे ‘दुखद और अन्यायपूर्ण’ बताया है।

उन्होंने कहा, ‘मैं आप सभी से ईमानदारी से निवेदन करता हूं कि कृपया फिल्म को यहां न देखें, न साझा करें और न ही इस पर चर्चा करें। उनके काम का सम्मान करें।’

उन्होंने कहा, ‘मैं अपने दोस्तों के साथ खड़ा हूं और इस कृत्य की निंदा करता हूं, यह अक्षम्य है।’

फिल्म के निर्माण से जुड़े सूत्रों अनुसार, अनधिकृत रूप से सामग्री के प्रसार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है।

भाषा

प्रचेता गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments