scorecardresearch
Wednesday, 23 September, 2026
होमदेशफिल्म के प्रीमियर के लिए अभिनेता नानी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से मांगी मदद

फिल्म के प्रीमियर के लिए अभिनेता नानी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से मांगी मदद

Text Size:

हैदराबाद, 23 सितंबर (भाषा) तेलुगु अभिनेता नानी ने अपनी नयी फिल्म ‘द पैराडाइज’ की पहली नुमाइश (प्रीमियर शो) के लिए आरटीसी एक्स रोड्स स्थित एक सिनेमाघर के दौरे के लिए बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मदद मांगी और आश्वासन दिया कि वह भीड़ प्रबंधन से जुड़े सभी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने अभिनेता की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की और उन्हें इस संबंध में संबंधित थाने में एक आधिकारिक आवेदन जमा करने का सुझाव दिया।

दिसंबर 2024 में यहां आरटीसी एक्स रोड्स स्थित संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मच गई थी जिसमें एक महिला की जान चली गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना के मद्देनजर अभिनेता नानी का अनुरोध काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।

नानी उर्फ नवीन बाबू अभिनीत फिल्म ‘द पैराडाइज’ का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर मुख्यमंत्री, सिनेमैटोग्राफी मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और राज्य पुलिस को संबोधित करते हुए एक पोस्ट साझा किया जिसमें नानी ने कहा कि उनके लिए सिनेमा हमेशा से उन लोगों के साथ मिलकर देखना सुहाना रहा है, जो इसे उतना ही प्यार करते हैं जितना कि वे खुद करते हैं।

उन्होंने कहा कि हैदराबाद में दर्शकों के साथ फिल्म देखने का अनुभव आरटीसी एक्स रोड्स पर एक खास मायने रखता है।

हैदराबाद का आरटीसी एक्स रोड्स सिनेमा देखने के लिए अद्वितीय अनुभव वाला स्थान रहा है।

नानी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मैं 23 सितंबर को फिल्म ‘दपैराडाइज’ के प्रीमियर शो के लिए आरटीसी एक्स रोड्स के किसी सिनेमाघर जाने का इच्छुक हूं, ताकि अपनी उस जनता के साथ फिल्म का अनुभव ले सकूं जिनके लिए हमने इसे बनाया है। मेरा मानना है कि फिल्म बनाने की असली संतुष्टि दर्शकों के बीच बैठकर उनकी प्रतिक्रिया को महसूस करने में ही मिलती है।”

उन्होंने आश्वासन दिया कि वह और फिल्म से जुड़े अन्य लोग सभी आवश्यक प्रोटोकॉल और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। नानी ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री उनके अनुरोध पर विचार करेंगे।

इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक को टैग करते हुए कहा ‘भीड़ प्रबंधन और जन सुरक्षा को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए कृपया नामित स्थानीय थाने में आधिकारिक आवेदन जमा करें। संबंधित टीम आवेदन की समीक्षा करेगी और तदनुसार निर्णय लेगी।’

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments